कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने अपना पहला पदक जीतकर शानदार शुरुआत की। हैवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग में झंडू कुमार ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर देश का खाता खोला। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें बधाई दी और उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की। झंडू कुमार की इस जीत ने भारतीय दल में नया उत्साह भर दिया है और देशवासियों को गर्व का मौका दिया है।
भारत के झंडू कुमार ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों के हैवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। इसके साथ ही ग्लास्गो में भारत ने मेडल टैली में अपना खाता भी खोल लिया है। दो ग्रुप वाले मुकाबले में झंडू ने 130.9 के बेस्ट रिजल्ट के साथ ग्रुप बी में टॉप किया। उन्होंने युगांडा के डेनिस म्बाजीरा (114.1) और ऑस्ट्रेलिया के बेन राइट (110.9) को आसानी से पीछे छोड़ते हुए मेडल की दौड़ में जगह बनाई।

कंबाइंड स्टैंडिंग में नाइजीरिया के रिलुवान इदरीस ने 132.8 की बेस्ट ओवरऑल लिफ्ट के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि इंग्लैंड के मैथ्यू हार्डिंग ने 131.0 के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। झंडू की 130.9 की लिफ्ट ब्रॉन्ज मेडल पक्का करने के लिए काफी थी। सिल्वर मेडल के लिए हुए कड़े मुकाबले में वे हार्डिंग से सिर्फ 0.1 पीछे रहे।