Khesari Lal Yadav: जंतर-मंतर पर 35 दिनों तक चले Gen Z के आंदोलन के बाद भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने युवाओं से एक और बड़े मुद्दे पर आवाज उठाने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर देश की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और महंगे इलाज के खिलाफ आंदोलन करने की बात कही है।

पटना: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 35 दिनों तक चले Gen Z आंदोलन के बाद भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। शिक्षा सुधार को लेकर युवाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने अब देश की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ भी एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए अपने पोस्ट ‘हमार मन की बात’ में उन्होंने निजी अस्पतालों, हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों और दवा उद्योग के कथित गठजोड़ पर सवाल उठाए।
खेसारी की ‘हमार मन की बात’
खेसारी लाल यादव ने X पर लिखा, “Gen Z ने शिक्षा के मुद्दे पर जो आंदोलन किया, उसका असर पूरे देश ने देखा और महसूस किया। अब मेरी दिल से गुजारिश है कि सभी लोग Gen Z के साथ मिलकर हेल्थ सिस्टम में सुधार के लिए भी आवाज उठाएं। आज अगर आपके पास हेल्थ इंश्योरेंस नहीं है, तो निजी अस्पताल में इलाज कराना बेहद मुश्किल हो जाता है। वहीं छोटे शहरों के सरकारी अस्पतालों की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों और अस्पतालों का गठजोड़ इतना मजबूत हो गया है कि आम आदमी उसके चक्रव्यूह से बाहर निकलना मुश्किल समझता है।”