नई दिल्ली: जुलाई में पैसेंजर वाहनों की बिक्री ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। इंडस्ट्री के अनुमान के मुताबिक, पिछले महीने फैक्ट्रियों से डीलरशिप तक करीब 4,69,000 पैसेंजर कारें, यूटिलिटी व्हीकल्स और वैन भेजी गईं, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 34% ज्यादा है। यह अब तक का सबसे बड़ा मासिक बिक्री आंकड़ा है। इससे पहले यह रिकॉर्ड पिछले साल अक्टूबर में बना था, जब करीब 4,60,000 यूनिट्स की बिक्री हुई थी। चालू वित्त वर्ष में बिक्री लगातार बढ़ रही है। अप्रैल में बिक्री में 25%, मई में 27% और जून में 24% की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। इन आंकड़ों में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री भी शामिल है।

गाड़ियों की बिक्री में इस तेजी के पीछे GST दरों में कटौती से कीमतों में कमी, मजबूत ग्राहक मांग और नए मॉडल्स की लॉन्चिंग अहम कारण रहे हैं। खासतौर पर SUV सेगमेंट के नए मॉडल्स ने कंपनियों की बिक्री को बढ़ावा दिया है। जुलाई में कई कार कंपनियों ने रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की।
प्रमुख कंपनियों में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने सबसे शानदार ग्रोथ दर्ज की। कंपनी की बिक्री सालाना आधार पर 59% बढ़कर 63,760 यूनिट्स तक पहुंच गई। वहीं, कंपनी की इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला। टाटा मोटर्स की EV बिक्री दोगुनी से ज्यादा बढ़कर 15,217 यूनिट्स हो गई।