किडनी स्टोन में व्यक्ति को असहनीय दर्द सहना पड़ता है। खाना खाने की गलत आदतों के कारण व्यक्ति को किडनी स्टोन होने और यह समस्या दोबारा होने का जोखिम बढ़ जाता है। विशेषज्ञों की मानें तो कुछ आहार जैसे पालक, शुगर और पशु से प्राप्त प्रोटीन से किडनी स्टोन बन सकता है। इससे बचने के लिए आपको डाइट में आवश्यक बदलाव करने की आवश्यकता होती है।
खानपान का असर आपके स्वास्थ्य पर देखने को मिलता है। यदि खानपान पर ध्यान न दिया जाए तो यह मोटापा, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और किडनी स्टोन का कारण बन सकता है। आज के समय में खानपान की गलत आदतों की वजह से किडनी स्टोन के मामलों में इजाफा देखने को मिला है। हालांंकि, अनुवांशिक और हेल्थ से जुड़ी अन्य समस्याएं भी किडनी स्टोन होने में योगदान दे सकती है।
किडनी की पथरी हार्ड मिनरल के जमा होने से बनती है, यह तब बनते हैं जब व्यक्ति के यूरिन में मौजूद पदार्थ क्रिस्टलाइज हो जाते हैं। किडनी की पथरी का आकार अलग-अलग हो सकता है, जिसमें समय के साथ बढ़ोतरी या कमी हो सकती है। किडनी की पथरी यूरिन करते समय दर्द की वजह बन सकती है। कुछ लोगों को यह दर्द बहुत तेज महसूस होता है, जो कुछ मामलो में असहनीय भी हो सकता है। डॉक्टर विनीत मलहोत्रा (सीनियर कंसल्टेंट यूरोलॉजी एंड एंड्रोलॉजी, वीएनए हॉस्पिटल) बताते हैं कि यदि किसी व्यक्ति को किडनी स्टोन की समस्या में दर्द अधिक होता है तो ऑपरेशन करके स्टोन को बाहर निकाला जाता है। लेकिन, छोटे आकार के स्टोन को दवाओं द्वारा ही कम करने और यूरिन के द्वारा बाहर निकालने का प्रयास किया जाता है।
