Navi Mumbai Metro : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता वाली कैबिनेट इंफ्रास्ट्रक्चर कमेटी ने मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में 22,611 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स को मंज़ूरी दी। इनमें गाइमुख और भयंदर को जोड़ने वाली एक सुरंग और एलिवेटेड रोड कॉरिडोर, साथ ही नवी मुंबई मेट्रो नेटवर्क का विस्तार शामिल है।
मुंबई : महाराष्ट्र सरकार ने 22,611 करोड़ रुपये की अवसंरचना परियोजनाओं को मंजूरी दे दी। इसमें घोड़बंदर रोड और भायंदर को जोड़ने वाली सुरंग तथा ‘एलिवेटेड कॉरिडोर’ के अलावा नवी मुंबई मेट्रो का विस्तार भी शामिल है। इस विस्तार के तहत लाइन-2 के जरिए नवी मुंबई मेट्रो को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जोड़ा जाएगा। इन फैसलों को मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में संपर्क व्यवस्था बेहतर बनाने और यातायात जाम कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
इन परियोजनाओं को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडल की अवसंरचना समिति ने मंजूरी दी। कुल व्यय में से 17,036 करोड़ रुपये की परियोजनाएं गायमुख और फाउंटेन होटल के बीच छह लेन वाली सुरंग तथा फाउंटेन होटल से भायंदर तक छह लेन वाले एलिवेटेड कॉरिडोर से संबंधित हैं। वहीं, नवी मुंबई मेट्रो लाइन-1ए और लाइन-2 के लिए 5,575 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
