पूरे महाराष्ट्र में बुधवार यानी 10 जून से बारिश शुरू होने वाली है। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ समेत राज्य के 30 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अनुमान है। आईएमडी ने नया अलर्ट जारी किया है और किसानों को बुवाई के बारे में जरूरी सलाह दी है।
मुंबई: पूरे महाराष्ट्र में लोग भीषण गर्मी और उमस से परेशान हैं, लेकिन अब मौसम में बड़ा बदलाव होने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र के 30 जिलों के लिए बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि आने वाले दिनों में महाराष्ट्र के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। मुंबई, पुणे, ठाणे और कोंकण रीजन समेत कई इलाकों में आंधी-तूफान और बारिश की भविष्यवाणी की गई है।
30 जिलों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 10 जून के लिए 30 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। प्रभावित जिलों में मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सतारा, सांगली, कोल्हापुर, सोलापुर, नासिक, अहमदनगर, धुले, नंदुरबार, बीड, परभणी, लातूर, धाराशिव, नांदेड़, हिंगोली, अकोला, अमरावती, नागपुर, चंद्रपुर, भंडारा, गोंदिया, वर्धा, वाशिम और यवतमाल शामिल हैं। विभाग का अनुमान है कि इनमें से कुछ इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज हवाएं चलेंगी और बिजली कड़कने के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है।
