वेनेजुएला में आए भूकंप पर पीएम मोदी ने दुख जाहिर किया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा है कि भारत हर संभव मदद के लिए तैयार है।
वेनेजुएला में आए खतरनाक भूकंप में हुई जनहानि पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जाहिर किया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा है कि वेनेजुएला में आए जबरदस्त भूकंप से हुई तबाही से मुझे गहरा दुख हुआ है।
व्यक्त की गहरी संवेदना
पीएम मोदी ने आगे कहा कि भारत के लोगों की तरफ से मैं वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों के प्रति, और खासकर उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। हम घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हैं और इस मुश्किल समय में प्रभावित सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। पीएम मोदी ने वेनेजुएला को हर संभव मदद का भरोसा भी दिया है।
बड़े पैमाने पर हुआ नुकसान
बता दें कि वेनेजुएला में लगातार दो शक्तिशाली भूकंप आए, जिससे बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ, इमारतें ढह गईं और डरे-सहमे कई लोग घरों से बाहर आए गए। इन 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंपों ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया, जिसके कारण कई शहरों में इमारतों को खाली कराना पड़ा और इसके झटके करीब 1,700 किलोमीटर दूर ब्राजील के अमेजन तक महसूस किए गए।
10 हजार मौतों का दावा
कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने बुधवार देर रात राष्ट्र के नाम एक संक्षिप्त संबोधन में कहा कि इन भूकंपों के कारण कई राज्यों में नुकसान हुआ है, लेकिन उन्होंने क्षतिग्रस्त हुए घरों, इमारतों, घायलों या मौतों का कोई सटीक आंकड़ा नहीं दिया। हालांकि, कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि मरने वालों का आंकड़ा 10 हजार तक पहुंच सकता है। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार भूकंप का केंद्र देश के कैरेबियाई तट पर स्थित मोरोन के पश्चिम में जमीन के भीतर 13 किलोमीटर की गहराई में था। यह जगह काराकस से करीब 168 किलोमीटर दूर स्थित है।