शेयर बाजार में पिछले हफ्ते तेजी रही। इस दौरान देश की कई कंपनियों को तगड़ा मुनाफा हुआ। देश सबसे मूल्यवान टॉप 10 में से 8 कंपनियों ने पिछले हफ्ते 1.90 लाख करोड़ रुपये कूट डाले।
नई दिल्ली: घरेलू शेयर बाजार में पिछले सप्ताह आई जोरदार तेजी का फायदा देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों को भी मिला। भारत की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 8 कंपनियों के संयुक्त बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में कुल 1.90 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
बाजार में यह तेजी ऐसे समय आई जब निवेशकों के बीच अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते को लेकर उम्मीदें बढ़ीं। इससे वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव कम होने और ऊर्जा बाजार में स्थिरता आने की संभावना बनी, जिसने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया।
सेंसेक्स और निफ्टी में शानदार बढ़त
सप्ताह के दौरान बीएसई सेंसेक्स 1,284.61 अंक यानी 1.73 प्रतिशत चढ़ा, जबकि एनएसई निफ्टी 256.2 अंक यानी 1 प्रतिशत मजबूत हुआ। बाजार की इस तेजी का असर कई ब्लू-चिप शेयरों पर देखने को मिला।
