Sana Malik Aggressive Speech In Maharashtra Assembly: महाराष्ट्र विधानसभा में बीजेपी विधायक देवयानी फरांडे ने राज्य में ट्रिपल तलाक कानून लागू करने के बारे में ‘ध्यान आकर्षण प्रस्ताव’ पेश किया। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान का जिक्र किया। इस पर NCP विधायक सना मलिक ने अपना पक्ष रखा। इससे सदन में खूब हंगामा हुआ।
मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा में एनसीपी विधायक सना मलिक के भाषण पर खूब हंगामा हो गया। दरअसल बीजेपी विधायक देवयानी फरांडे ने बुधवार को विधानसभा में केंद्र सरकार की ओर से पास किए गए ‘ तीन तलाक ‘ कानून को महाराष्ट्र में लागू करने के बारे में ‘ध्यान आकर्षण’ प्रस्ताव पेश किया। अपने भाषण के दौरान उन्होंने पाकिस्तान में मौजूद कानूनों का जिक्र किया। हालांकि जब एनसीपी विधायक सना मलिक ने इस मामले पर अपना पक्ष रखा, तो सदन में हंगामा हो गया। सना मलिक ने कुरान के कानूनों का हवाला दिया और सदन में कुछ सवाल उठाए। इस पर गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने उनके सवालों का जवाब दिया। इसके अलावा बीजेपी विधायक अतुल भातखलकर ने कहा कि देश संविधान से चलता है, कुरान से नहीं।
देवयानी फरांडे ने क्या कहा?
देवयानी फरांडे ने कहा कि अगर हम पाकिस्तान को देखें, जो भारत से अलग हुआ देश है। तो हम देखते हैं कि वहां एक से ज्यादा शादियां (बहुविवाह) करने के इच्छुक व्यक्ति को अपनी पहली पत्नी से लिखित अनुमति लेनी होती है। इसके अलावा पाकिस्तान में एक मध्यस्थता परिषद (आर्बिट्रेशन काउंसिल) बनाई गई है। यह परिषद तय करती है कि व्यक्ति को शादी करने की अनुमति दी जाए या नहीं। भारत और पाकिस्तान 1947 में अलग हुए थे, फिर भी पाकिस्तान में बहुविवाह की दर सिर्फ 1 प्रतिशत है। मैंने डेढ़ महीने में ही ‘तीन तलाक’ के तीन मामले देखे हैं, और पुलिस ने इन मामलों में उचित कार्रवाई की है।
