स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो में महिलाओं को लेकर की गई एक टिप्पणी पर विवाद हो गया है। इस मामले पर अब महाराष्ट्र के सीएम और उनकी पत्नी ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
मुंबई: स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो के दौरान की गई विवादित टिप्पणियों को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उनकी पत्नी अमृता फडणवीस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। महिलाओं को लेकर की गई 370 रुपये की बिरयानी वाली टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए अमृता ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां महिलाओं को एक वस्तु की तरह पेश करती हैं और उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं।
अमृता बोलीं- यह खतरनाक है
एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में अमृता फडणवीस ने कहा कि महिलाओं की सहमति और सम्मान को इस तरह मजाक का विषय बनाना समाज के लिए बेहद खतरनाक है। उनका मानना है कि इस तरह के कंटेंट से खासकर युवाओं के बीच गलत सोच और गलत संदेश फैलता है। उन्होंने साफ कहा कि अभिव्यक्ति की आज़ादी का मतलब यह नहीं है कि किसी की गरिमा को ठेस पहुंचाई जाए या महिलाओं के प्रति अपमानजनक सोच को सामान्य बना दिया जाए।
