क्यूबा में आए भूकंप की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसके झटके फ्लोरिडा तक महसूस किए गए। लोग अपने घरों और ऑफिस से बाहर निकल आए। लोगों के बीच डर का माहौल था।
सोमवार को पश्चिमी क्यूबा के पास 6.1 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे हवाना में इमारतें हिल गईं। भूकंप के झटके फ्लोरिडा तक महसूस किए गए। तुरंत किसी के घायल होने या नुकसान की खबर नहीं मिली। US जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, भूकंप हवाना के पश्चिम में समुद्र में 10 किलोमीटर की गहराई पर आया।
भूकंप के आते ही मची अफरातफरी
पश्चिमी क्यूबा के पिनार डेल रियो होटल की मैनेजर फ्लेविया पुपो ने बताया कि कैसे इमारत हिलने लगी, जिससे अफरातफरी मच गई। उन्होंने फोन पर कहा, ‘यहां सब ठीक है। सड़क पर मौजूद लोग थोड़े डरे हुए हैं।’
फ्लोरिडा में महसूस किए गए झटके
इस भूकंप के झटके फ्लोरिडा तक महसूस किए गए। मियामी में नेशनल वेदर सर्विस ने ट्वीट किया कि उन्हें राज्य के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में झटके महसूस होने की कई खबरें मिली हैं। सोमवार दोपहर सोशल मीडिया पर कई पोस्ट से पता चला कि ऑरलैंडो के उत्तर में भी लोगों ने झटके महसूस किए।
